अन्त:स्रावी रसोत्पादक नलिकाहीन ग्रंथियां और इन ग्रंथियों का प्रभाव
परिचय-
मनुष्य के शरीर में 2 प्रकार की ग्रंथियां होती हैं और इन ग्रंथियों के द्वारा ही पूरे शरीर की क्रिया का संचालन होता है। यदि इन ग्रंथियों के कार्य में किसी प्रकार की कमी आ जाती है तो शरीर का विकास रुक जाता है तथा शरीर में कई प्रकार के रोग पैदा हो जाते हैं।
ग्रंथियां 2 प्रकार की होती हैं-
एक वह ग्रंथि होती है जो अपने में बनने वाले रस को नलिकाओं द्वारा शरीर के विशेष भागों तक पहुंचाती है।
दूसरी वह ग्रंथि होती है जो अपने द्वारा बनाये गए रस को नलिकाओं द्वारा नहीं बल्कि सीधा रक्त के द्वारा शरीर के विभिन्न आंतरिक अंगों तक पहुंचाती है।
ये ग्रंथियां शरीर में हार्मोन्स का निर्माण करती हैं। इन ग्रंथियों में उत्पन्न होने वाले उत्तेजक रस शरीर की वृद्धि, यौन संतुलन, मांसपेशियों के संचालन, पोषण तथा अन्य ग्रंथियों की क्रियाओं के नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि किसी तरह से अन्त:स्रावी ग्रंथियों की कार्यप्रणाली में विकार आ जाता है तो शरीर में विभिन्न प्रकार के रोग हो जाते हैं तथा शरीर का संतुलन बिगड़ जाता है।
यदि किसी प्रकार से अन्त:स्रावी ग्रंथियों के उत्तेजक रस में किसी प्रकार की कमी या अधिकता हो जाए तो इससे मनुष्य की मानसिक योग्यता, शारीरिक गठन तथा साहस आदि गुण भी कम हो जाते हैं तथा इसके साथ-साथ व्यक्ति के व्यवहार में भी बदलाव हो जाता है। शरीर में पाई जाने वाली ये ग्रंथियां इतनी शक्तिशाली और प्रभावकारी होती हैं कि ये किसी भी पुरुष तथा स्त्री के जीवनशैली में परिवर्तन ला सकती हैं।
अन्त:स्रावी ग्रंथियां हमारे शरीर के विभिन्न भागों में नाक की सीध में लगभग मध्य भाग में होती हैं। इन ग्रंथियों के कार्य प्रणाली का आपस में घनिष्ट सम्बन्ध होता है तथा ये ग्रंथियां एक-दूसरे की पूरक तथा संचालक होती हैं।
अन्त:स्रावी ग्रंथियों के नाम और यह शरीर के रोगों को किस प्रकार ठीक करती है-
पिट्यूटरी ग्रंथि-
पिट्यूटरी ग्रंथि मनुष्य के शरीर में मस्तिष्क के नीचे होती है। यह ग्रंथि आकार में मटर के दाने से भी छोटी होती है। इस ग्रंथि की विशेषता बहुत अधिक होती है क्योंकि यह ग्रंथि सभी ग्रंथियों का संचालन करती है। यह ग्रंथि 3 भागों में बंटी होती है और कई प्रकार के रसों को छोड़ती है। इसके द्वारा छोड़े गए कुछ रस दूसरी ग्रंथियों को उत्तेजित कर देते हैं जिससे कि वे सभी ग्रंथियां ठीक प्रकार से कार्य कर सके। यदि किसी प्रकार से इस ग्रंथि का कार्य रुक जाता है तो शरीर के विकास में बहुत प्रभाव पड़ता है। इस ग्रंथि के कारण ही शरीर की हडि्डयों का विकास होता है। यदि किसी प्रकार से इस ग्रंथि से अधिक रस निकलता है तो शरीर असाधारण रूप से आकार में बड़ा हो जाता है और जिसके परिणामस्वरूप मनुष्य का धड़ तो साधारण रूप में पर भुजाएं, पैर तथा टांगे अपेक्षाकृत अधिक बड़े हो जाते हैं। यदि किसी व्यक्ति की यह ग्रंथि अधिक सुस्त पड़ जाती है या फिर जरूरत से कम रस का निर्माण करती है तो शरीर की हडि्डयों की वृद्धि सामान्य रूप से विकसित नहीं हो पाती है जिसके परिणामस्वरूप व्यक्ति बौना रह जाता है। इस प्रकार कहा जा सकता है कि किसी भी व्यक्ति के शरीर का सही विकास उसकी इस ग्रंथि पर निर्भर करता है।
पिट्यूटरी ग्रंथि शरीर में पाई जाने वाली अन्य ग्रंथियों की सहायता से शरीर में शक्कर बनने तथा चर्बी बनने पर नियंत्रण करती है। यदि यह ग्रंथि ठीक प्रकार से काम नहीं करती है तो व्यक्ति को मधुमेह रोग हो जाता है। इस ग्रंथि के द्वारा ही बच्चों के शरीर का विकास, शरीर में कैल्शियम का बनना तथा हडि्डयों की वृद्धि होती है। इस ग्रंथि के द्वारा ही मनुष्य की मानसिक प्रतिभा, रक्त का दबाव, जनन-संस्थान की वृद्धि, पुरुषों तथा स्त्रियों की जननेन्द्रियों तथा यौन-लक्षणों पर बहुत अधिक प्रभाव पड़ता है।
इस ग्रंथि के कार्य करने में किसी प्रकार की कमी आ जाती है तो रोगी को शरीर में कमजोरी, अधिक पेशाब आना, अधिक प्यास लगना तथा बाल झड़ना तथा शरीर का न बढ़ना आदि रोग हो जाते हैं।
यदि एक्यूप्रेशर चिकित्सा के द्वारा इस ग्रंथि से सम्बन्धित प्रतिबिम्ब केन्द्र बिन्दु (जो हाथों तथा पैरों के अंगूठों के अग्रभागों में होते हैं) पर प्रेशर दें तो इस ग्रंथि से सम्बन्धित रोगों को ठीक किया जा सकता है। इस ग्रंथि को सक्रिय करने के लिए बाएं से दाएं भाग पर प्रेशर देना चाहिए तथा इसकी कार्यगति को कम करने के लिए दाएं से बाएं भाग पर प्रेशर देना चाहिए। इससे इसकी कार्य करने की गति सामान्य हो जाती है।
शरीर में पिट्यूटरी ग्रंथि ठीक प्रकार से कार्य कर रही है या नहीं इसका पता खून की जांच कराने से चल जाता है। जांच के दौरान कौन सी ग्रंथि ठीक प्रकार से कार्य नहीं कर रही है उसका भी पता खून की जांच कराने से चल जाता है। यदि यह ग्रंथि ठीक प्रकार से कार्य नहीं कर रही है तो इसकी कार्य करने की गति को एक्यूप्रेशर चिकित्सा के द्वारा ठीक किया जा सकता है।
(एक्यूप्रेशर चिकित्सा के द्वारा पिट्रयूटरी ग्रंथि के कार्य को ठीक करने का चित्र)

इस चित्र की सहायता से रोगी के शरीर पर प्रेशर देकर पिट्रयूटरी ग्रंथि की कार्यगति को सुधारा जा सकता है जिसके फलस्वरूप कई प्रकार के रोग ठीक हो जाते हैं।
थाइरॉयड ग्रंथि-
यह ग्रंथि गहरे लाल रंग की होती है तथा कंठ के नीचे गले की जड़ में 2 खण्डों में बंटी होती है। यह ग्रंथि शरीर को शक्ति तथा फुर्तीलापन प्रदान करती है। इस ग्रंथि का पाचनक्रिया से सम्बन्ध है तथा यह शरीर में आक्सीजन के उपभाग को नियंत्रित करके कार्बन-डाइआक्साइड के चालन गति को प्रभावित करती है।
यदि इस ग्रंथि के द्वारा हार्मोन्स का कम स्राव होता है तो रोगी का वजन बढ़ने लगता है तथा उसके शरीर में सूजन आ जाती है। उसके शरीर में विभिन्न प्रकार की गतियां, बोलने तथा सोचने की शक्ति कम पड़ जाती है, सिर के बाल झड़ने लगते हैं और गंजेपन जैसी अवस्था पैदा हो जाती है, त्वचा स्थूल तथा शुष्क हो जाती है और शरीर का तापमान कम होने लगता है और शरीर में अनेक रोग हो जाते हैं।
यदि इस ग्रंथि का स्राव सामान्य से अधिक हो जाता है तो शरीर का तापमान बढ़ने लगता है, गर्मी को सहन करने की शक्ति कम हो जाती है, वजन घटने लगता है, घबराहट होने लगती है तथा हाथ-पैर कांपने लग जाते हैं। इसके अधिक स्राव के कारण व्यक्ति छोटी-छोटी बात पर उत्तेजित हो जाता है तथा उसकी नाड़ी की गति बढ़ जाती है।
थाइरॉयड ग्रंथि के सामान्य स्राव में आयोडीन की मात्रा होती है लेकिन ऐसे इलाके जहां पानी में आयोडीन की मात्रा कम रहती है वहां के लोगों में गलगण्ड जैसे रोग हो जाते हैं। इस अवस्था के कारण थाइरॉयड ग्रंथि का आकार बढ़ जाता है। ऐसे क्षेत्रों में आयोडीन की कमी होने पर वहां के लोगों को आयोडाइजड नमक खाने को कहा जाता है। यदि इस ग्रंथि का थोड़ा सा भाग काटकर निकाल दिया जाए तो इसके कारण मनुष्य का चाल-चलन, रहने का ढंग, स्वभाव प्रभावित होता है और शरीर में कई प्रकार के रोग हो सकते हैं।
इस ग्रंथि के कारण दाम्पत्य जीवन में बहुत प्रभाव पड़ता है क्योंकि ऐसे पति-पत्नी जिनकी थाइरॉयड ग्रंथि एक दूसरे के विपरीत हो तथा उत्तेजित हो, उनके स्वभाव में परस्पर तालमेल होना बहुत मुश्किल हो जाता है।
कोई भी व्यक्ति थाइरॉयड टेस्ट कराकर पता लगा सकता है कि उसकी यह ग्रंथि ठीक प्रकार से कार्य कर रही है या नहीं। कभी-कभी ऐसा होता है कि पिट्रयूटरी ग्रंथि के ठीक प्रकार से कार्य न करने के कारण इस ग्रंथि में दोष उत्पन्न हो जाता है इसलिए यह ग्रंथि सही तरीके से कार्य नहीं करती है।
एक्यूप्रेशर चिकित्सा के द्वारा इस ग्रंथि से सम्बन्धित प्रतिबिम्ब बिन्दुओं पर प्रेशर देकर इसकी कार्यक्षमता को सही किया जा सकता है।
(एक्यूप्रेशर चिकित्सा के द्वारा थाइरॉयड ग्रंथि के कार्य को ठीक करने का चित्र)

थाइरॉयड तथा पैरा-थाइरॉयड ग्रंथियों के प्रतिबिम्ब बिन्दु हाथ-पैरों के अंगूठों के बिल्कुल नीचे तथा अंगूठों के ऊंचे उठे हुए भाग में पाए जाते हैं। इस भाग में एक्यूप्रेशर चिकित्सा के अनुसार प्रेशर देने से इस ग्रंथि के सही से कार्य करने की शक्ति को बढ़ाया जा सकता है। इस ग्रंथि से सम्बन्धित बिन्दुओं पर दबाव देने से कई प्रकार के रोग भी ठीक हो जाते हैं। इस ग्रंथि से सम्बंधित प्रतिबिम्ब बिन्दुओं पर दबाव देने के साथ-साथ पिट्रयूटरी ग्रंथि से सम्बन्धित प्रतिबिम्ब बिन्दुओं पर भी दबाव देना चाहिए। इससे रोगी को बहुत लाभ मिलता है।
पैरा-थाइरॉयड ग्रंथि-
थाइरॉयड ग्रंथि के पीछे की ओर 2-2 ग्रंथियां होती हैं जिन्हें पैरा-थाइरॉयड ग्रंथियां कहते हैं। इन ग्रंथियों के अन्दर वसा होती है लेकिन आयोडीन नहीं होती है। इन ग्रंथियों में सबसे अधिक शरीर का रक्तमय अंग होता हैं तथा ये रक्त के कुछ रासायनिक तत्वों को ठीक रखने में सहायक होती हैं। इस ग्रंथि के द्वारा ही शरीर में कैल्शियम की मात्रा का संतुलन बना रहता है। अगर इस ग्रंथि की क्रिया में कोई कमी हो जाती है तो शरीर की हडि्डयां कमजोर पड़ जाती हैं और शीघ्र ही हडि्डयां टूट जाती हैं तथा शरीर में कई प्रकार के जोड़ों का दर्द होना शुरू हो जाता है। इन ग्रंथियों के कार्य में कमी आ जाने के कारण गुर्दे में पथरी भी बनने लगती है।
डॉक्टरों से जांच करने से पता चल जाता है कि पैरा-थाइरॉयड ग्रंथि सही तरीके से कार्य कर रही है या नहीं। यदि यह सही तरीके से नहीं कार्य कर रही है तो एक्यूप्रेशर चिकित्सा के द्वारा इसका उपचार किया जा सकता है।
(एक्यूप्रेशर चिकित्सा के द्वारा पैरा-थाइरॉयड ग्रंथि के कार्य को ठीक करने का चित्र)

दिये गए चित्र के अनुसार पैरा-थाइरॉयड ग्रंथि के हाथों तथा पैरों में वही प्रतिबिम्ब केन्द्र हैं जो कि थाइरॉयड ग्रंथि के तथा पिट्रयूटरी ग्रंथि के हैं। इन बिन्दुओं पर एक्यूप्रेशर चिकित्सा के अनुसार प्रेशर देने से इसकी क्रिया सही हो जाती है तथा इसके सही से काम नहीं करने से होने वाले रोग भी ठीक हो जाते हैं।
थाइमस ग्रंथि-

यह ग्रंथि मनुष्य की गर्दन के नीचे तथा हृदय से कुछ ऊपर की ओर पाई जाती है। यह ग्रंथि 2 वर्ष की आयु में विकसित होती है और 14 वर्ष की आयु तक इस ग्रंथि के पिण्ड धीरे-धीरे चर्बी में लुप्त होने लगते हैं। इस ग्रंथि के द्वारा ही छोटे बच्चों के शरीर का विकास होता है और इस ग्रंथि के द्वारा ही ज्ञाननेन्द्रियों का विकास भी होता है।
यदि थाइमस ग्रंथि युवावस्था के व्यक्तियों में लुप्त न हो तो व्यक्ति के शरीर में बड़ा विकार आ जाता है और व्यक्ति को छोटी सी भी चोट लग जाती है तो उसकी मृत्यु हो जाती है।
एक्यूप्रेशर चिकित्सा के द्वारा इसके प्रतिबिम्ब केन्द्र बिन्दु, जो गर्दन के नीचे और हृदय से कुछ ऊपर होते है, उन पर प्रेशर देने से व्यक्ति को बहुत अधिक लाभ होता है।
डिम्ब-ग्रंथियां-
डिम्ब-ग्रंथियां स्त्रियों के प्रजनन अंगों के कार्य करने में बहुत ही महत्वपूर्ण मानी जाती हैं। इनमें 2 अंडाशय होते हैं। ये ग्रंथियां स्त्रियों के गर्भाशय के दोनों ओर पाई जाने वाले नलिकाओं के नीचे की ओर पाई जाती हैं। जब कोई लडकी 12 वर्ष की होती है तो उसकी इन ग्रंथियों में से एक डिम्ब प्रत्येक महीने पककर गर्भाशय नलिका के अन्दर पहुंच जाता है। स्त्री के गर्भाशय के अन्दर पुरुष का एक शुक्राणु इस डिम्ब से मिलकर एक जीव का निर्माण करता है जिसके कारण स्त्री गर्भवती हो जाती हैं।
इन ग्रंथियों के द्वारा डिम्ब का भंडार करने और डिम्ब को पकाने के अलावा इसमें पाई जाने वाली डिम्ब-ग्रंथियां हार्मोन्स का निर्माण करती हैं जिन्हे एस्ट्रोजन तथा प्रोजेस्ट्रोन कहते हैं। इस ग्रंथियों के द्वारा ही स्त्रियों के शरीर का विकास होता है। यदि इस ग्रंथि के कार्य में कोई कमी आ जाती है तो स्त्रियों के शरीर में कई प्रकार के रोग हो जाते हैं।
एक्यूप्रेशर चिकित्सा के द्वारा इस ग्रंथि की कार्य प्रणाली को सुधारा जा सकता है जिससे स्त्रियों के शरीर के कई रोग ठीक हो सकते हैं। इस ग्रंथि से सम्बन्धित प्रतिबिम्ब बिन्दु हाथ तथा पैरों में होते हैं। इन प्रतिबिम्ब बिन्दुओं पर प्रेशर दिया जाए तो इसकी कार्य-प्रणाली में सुधार हो सकता है जिसके फलस्वरूप स्त्रियों के कई प्रकार के रोग ठीक हो सकते हैं।
आड्रेनल-उपवृक्क ग्रंथियां-
ये ग्रंथियां शरीर के दोनों गुर्दों के ऊपर एक टोपी के आकार में पाई जाती हैं। इन ग्रंथियों द्वारा छोड़ा गया रस मनुष्य की जीवन-शक्ति के लिए बहुत ही आवश्यक है क्योंकि यह खून में दबाव तथा मांसपेशियों पर प्रभाव डालता है। इन ग्रंथियों के प्रभाव के कारण ही मनुष्य साहसी या डरपोक बनता है। इन ग्रंथियों द्वारा अगर अधिक रस निकलता है तो खून का दबाव बढ़ जाता है तथा पेट में पित्त की अधिकता हो जाती है, पेट में गैस बनने लगती है और मोटापा रोग हो जाता हैं। यदि इस ग्रंथि के कार्य में कोई कमी हो जाती है तो व्यक्ति की मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं तथा उसके शरीर में रक्त का दबाव कम हो जाता है और शरीर में कमजोरी आ जाती है तथा शरीर की नाड़ियों में रोग हो जाता है।
इसकी कार्य शक्ति को सही तरीके से चलाने के लिए एक्यूप्रेशर चिकित्सा का सहारा ले सकते हैं। एक्यूप्रेशर चिकित्सा के द्वारा इस ग्रंथि से सम्बन्धित प्रतिबिम्ब बिन्दु पैरों तथा हाथों में होते हैं जैसा कि चित्र में दिया गया है।
(एक्यूप्रेशर चिकित्सा के द्वारा आड्रेनल-उपवृक्क ग्रंथियों के कार्य को ठीक करने का चित्र)

इस चित्र के अनुसार दिए गए बिन्दुओं पर प्रेशर देने से आड्रेनल-उपवृक्क ग्रंथियों के कार्य करने की शक्ति सही तरीके से चलने लगती है तथा इसके सही तरीके से कार्य न करने से होने वाले रोग ठीक हो जाते हैं।
अगन्याशय ग्रंथि (Pancreas)-
यह ग्रंथि एक प्रकार की दोहरी ग्रंथि होती है। इस ग्रंथि का एक भाग पाचनप्रणाली के लिए पाचक रस का निर्माण करता है तथा दूसरा भाग इंसुलिन रस बनाता है। अगन्याशय ग्रंथि का आकार अंग्रेजी के अक्षर J के समान होता है। इंसुलिन शरीर में शर्करा को ग्रहण करने में मदद करता है और शरीर में शर्करा की मात्रा पर नियंत्रण रखता है। यदि इसकी कार्य प्रणाली में कोई कमी आ जाती है तो शरीर में शर्करा की मात्रा बढ़ जाती है जिसके कारण मधुमेह रोग हो जाता है।
इस ग्रंथि की कार्य प्रणाली को सही तरीके से कार्य कराने के लिए एक्यूप्रेशर चिकित्सा के द्वारा उपचार किया जा सकता है। इस ग्रंथि के प्रतिबिम्ब हाथ तथा पैरों के तलुवों पर पाए जाते हैं। जिन पर एक्यूप्रेशर चिकित्सा के द्वारा प्रेशर देने से अग्न्याशय ग्रंथि की कार्य प्रणाली सुधर जाती है। जिसके परिणामस्वरूप इसके ठीक से कार्य न करने पर होने वाले रोग ठीक हो जाते हैं।
अण्डकोष-
अण्डकोष पुरुषों में होते हैं। यह लिंग के दोनों ओर एक-एक होते हैं। और आपस में जुड़े रहते हैं। यह आकार में अण्डे जैसे होते हैं। इन अण्डकोषों को जनन-अंग कहते हैं। इन अण्डकोषों के द्वारा ही शुक्राणुओं की उत्पत्ति होती है। दोनों अण्डकोषों से पुरुष हार्मोन्स टेस्टोस्टीरोन का अन्त:स्राव होता है।
अण्डकोष की कार्य प्रणाली में सुधार करने के लिए इससे सम्बन्धित केन्द्र बिन्दुओं पर एक्यूप्रेशर चिकित्सा के अनुसार दबाव देने से इसके कार्य करने की शक्ति में सुधार हो जाता है तथा इस ग्रंथि के सही से कार्य न करने के कारण होने वाले रोग ठीक हो जाते हैं।
पीनियल ग्रंथि-
यह ग्रंथि मस्तिष्क के अन्दर के आधे-गोलार्द्धो के पीछे की ओर होती है। इस ग्रंथि के द्वारा ही मनुष्य की जवानी बनी रहती है। इस ग्रंथि का जनन-अंगों से सम्बन्ध बना रहता है। इस ग्रंथि के द्वारा ही शरीर में पानी, सोड़ियम तथा पोटेशियम की मात्रा का संतुलन बना रहता है। यदि यह ग्रंथि आपना कार्य सही तरीके से नहीं करती है, तो शरीर बहुत अधिक फूल जाता है।
एक्सूप्रेशर चिकित्सा के द्वारा पीनियल ग्रंथि के कार्य प्रणाली में सुधार किया जा सकता है।
